कंप्यूटर सेंटर में भीषण आग, लाखों का नुकसान

कंप्यूटर सेंटर में भीषण आग, लाखों का नुकसान

निष्पक्ष जन अवलोकन। रत्नाकर पांडे।

 टिकैतनगर (बाराबंकी)। कस्बे में संचालित राजीव गांधी कंप्यूटर सेंटर की दो मंजिला इमारत में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह सेंटर से धुआं उठता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत सेंटर संचालक ऋषि गुप्ता को सूचना दी। चाबी लेकर जब तक वह मौके पर पहुंचे, तब तक आग पूरे सेंटर में फैल चुकी थी। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में पूरे सेंटर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड की टीम करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दर्जनों कंप्यूटर, लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, करीब 30 हजार रुपये की नकदी, फर्नीचर तथा दूसरी मंजिल पर बनी लाइब्रेरी का सामान जलकर राख हो चुका था। सेंटर संचालक ऋषि गुप्ता ने बताया कि आग से उनका भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि सेंटर में रखे कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल फोन, जरूरी दस्तावेज और अन्य उपकरण पूरी तरह जल गए हैं।