ओम शिवालय मेला मैदान में श्याम भजन संध्या का आयोजन, भक्त झूमे
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। मोहल्ला पचघरा स्थित ओम शिवालय रक्षा बंधन मेला मैदान में आयोजित श्याम भजन संध्या देर रात तक चली। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर बाबा श्याम के भजनों पर झूमते हुए भक्ति का आनंद लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से पूजन और आरती के साथ किया गया। इसके बाद भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक श्याम भजन प्रस्तुत किए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। “हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा” जैसे लोकप्रिय भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते और नाचते रहे। कार्यक्रम को देखने के लिए आसपास के गांवों और कस्बों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। भजन संध्या के दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के जयकारों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस आयोजन में राजीव नयन तिवारी, रामू तिवारी, गंगा प्रसाद तिवारी, मोहित सहित अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजकों ने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारा और आध्यात्मिक वातावरण को बढ़ावा देते हैं।









