भैरमपुर में मुख्य मार्ग पर इंटरलाकिंग निर्माण शुरू होने से ग्रामीण खुश, बरसों बाद सुधरेगी यह सड़क
निष्पक्ष जन अवलोकन अजय रावत एडवोकेट ।। बाराबंकी। जिले के ब्लॉक सूरतगंज अंतर्गत भैरमपुर गांव में लंबे समय से उपेक्षित मुख्य मार्ग पर इंटरलॉकिंग का निर्माण शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। यह सड़क कई वर्षों से खराब हालत में थी और बरसात के दिनों में यहां जलभराव हो जाता था, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क नीची होने के कारण बरसात में पानी भर जाता था जिससे पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता था। अब सड़क को ऊंचा करने के लिए पहले मिट्टी की पटाई हुई है, जिसके बाद इंटरलॉकिंग बिछाई जा रही है।यह भी बताया गया है कि यहां बनी सीसी सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी थी। जगह-जगह गड्ढे हो गए थे और चलना मुश्किल हो गया था। करीब पंद्रह वर्षों बाद इस सड़क को ठीक कराने का नंबर आया है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। गांव के लोगों ने इस कार्य के लिए ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव और मनरेगा के एपीओ की सराहना की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बन जाने से गांव में आवागमन सुगम होगा और बरसात में होने वाली परेशानी से भी छुटकारा मिलेगा। हालांकि गांव के कुछ लोग, जो प्रधानी का चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं, इस कार्य को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैला रहे हैं लेकिन अधिकांश ग्रामीणों ने इन बातों को नकारते हुए कहा कि सड़क बनना गांव के लिए अच्छा कदम है और इससे सभी को लाभ मिलेगा।









