नोडल अधिकारी नीना शर्मा ने जनपद में विकास व स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा
निर्माणाधीन 50 सैया क्रिटिकल केयर अस्पताल का निरीक्षण, देवा सीएचसी, गौ संरक्षण केंद्र व नगर क्षेत्र का भी किया दौरा
निष्पक्ष जन अवलोकन l
विनय सिंह l
बाराबंकी । उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी की निदेशक एवं जनपद की नोडल अधिकारी नीना शर्मा ने सोमवार को जनपद के विभिन्न स्थलों का एकदिवसीय निरीक्षण कर विकास कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तेजी बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत जिला अस्पताल के पास बेगमगंज में निर्माणाधीन 50 शैय्या क्रिटिकल केयर अस्पताल से हुई। नोडल अधिकारी ने निर्माण कार्य का बारीकी से निरीक्षण करते हुए अस्पताल के सभी कमरों में आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक बेड तक ऑक्सीजन गैस की सुव्यवस्थित आपूर्ति के लिए पाइपलाइन व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। साथ ही फायर सेफ्टी और जल निकासी से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने जिला अस्पताल में स्थापित ऑक्सीजन गैस प्लांट का भी अवलोकन किया। अस्पताल में भर्ती मरीजों और तीमारदारों से बातचीत कर उन्होंने उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ली। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तेजी पर जोर नोडल अधिकारी ने राजकीय कार्यालय परिसर में बने ट्रांजिट हॉस्टल तथा नवाबगंज विस्तारित क्षेत्र में निर्माणाधीन कल्याण मंडप का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता बनाए रखते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।






