डायल 112 की तत्परता से आधे घंटे में मिला लाखों के जेवरात से भरा बैग

डायल 112 की तत्परता से आधे घंटे में मिला लाखों के जेवरात से भरा बैग

निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। गत सूचना के आधार पर डायल 112 पुलिस टीम ने ई-रिक्शा से गिरे एक बैग को मात्र आधे घंटे के भीतर बरामद कर सराहनीय सफलता हासिल की। बैग में लाखों रुपये के कीमती जेवरात मौजूद थे, जो पूरी तरह सुरक्षित पाए गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना जैदपुर क्षेत्र के भानमऊ निवासी रहीसा बानो पत्नी मोहम्मद आसिफ अपने मायके सहादतगंज थाना मसौली से ई-रिक्शा द्वारा घर लौट रही थीं। इसी दौरान टांड़ पुरवा मजरे गोठिया के पास उनका बैग अचानक ई-रिक्शा से नीचे गिर गया। बैग गिरने की जानकारी होते ही पीड़िता ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही यूपी-112 व थाना जैदपुर पुलिस टीम ने तेजी से मौके पर पहुंचकर गहन छानबीन शुरू की और सक्रियता दिखाते हुए बैग को बरामद कर लिया। रहीसा बानो की उपस्थिति में बैग की जांच की गई, जिसमें रखे लगभग 4 से 5 लाख रुपये के कीमती जेवरात और कपड़े पूरी तरह सुरक्षित मिले। अपना खोया हुआ सामान सकुशल वापस पाकर पीड़िता ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और कार्यशैली की आमजन द्वारा भी सराहना की जा रही है।