ट्रेन की चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत, स्टेशन पर मची अफरा-तफरी
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जगरानी (50) पत्नी राम स्नेह कनौजिया, निवासी ग्राम वजीरपुर थाना हरगांव (सीतापुर), अपनी बहू फूलमती और दो छोटे बच्चों के साथ देवा शरीफ से जियारत कर घर लौट रही थीं। वह प्लेटफॉर्म नंबर एक से प्लेटफॉर्म नंबर दो पर जाने के लिए पैदल रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं। प्लेटफॉर्म की ऊंचाई अधिक होने के कारण वह ऊपर नहीं चढ़ पाईं। इसी बीच सूढ़ियामऊ की दिशा से एक मालगाड़ी आ गई। स्टेशन मास्टर और परिजनों ने उन्हें लगातार आवाज दी, लेकिन संभवतः उन्हें सुनाई नहीं दिया। परिणामस्वरूप वह मालगाड़ी की चपेट में आ गईं और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुंची। आरपीएफ के सुदर्शन सिंह ने शव को कब्जे में लिया। आरपीएफ दरोगा सुनील कुमार ने बताया कि आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है।









