गायत्री परिवार के तत्वावधान में होली मिलन व युवा बौद्धिक सम्मेलन आयोजित

गायत्री परिवार के तत्वावधान में होली मिलन व युवा बौद्धिक सम्मेलन आयोजित

निष्पक्ष जन अवलोकन बाराबंकी। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में बाराबंकी के गायत्री परिजनों द्वारा वंदेमातरम पौधशाला, ग्राम महंगूपुर स्थित उपेंद्र कुमार के प्रतिष्ठान पर रविवार को होली मिलन समारोह एवं युवा बौद्धिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। होली मिलन समारोह में भारतीय संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं तथा फूलों से होली खेली। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें होली के पारंपरिक गीतों का आनंद उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ज्वाला प्रसाद ज्ञानी ने कहा कि होली खुशियों का महापर्व है और समाज में आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए सभी को मिल-जुलकर प्रेमभाव से होली मनानी चाहिए। वहीं आचार्य अवधेश कुमार ने कहा कि होली तन-मन में उल्लास जगाने का पर्व है। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से आपसी वैमनस्य को दूर कर प्रेम और स्नेह के साथ पर्व मनाने तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस मौके पर सुरेशचंद्र वानप्रस्थी, अवधेश शर्मा, शिवकुमार, रामशंकर मिश्र, जसवंत सिंह, गीता देवी सहित सैकड़ों गायत्री परिजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में गायत्री परिजनों ने संकल्प लिया कि अगली होली तक 1000 युवाओं को नशा मुक्त बनाने और 51,000 पौधे लगाने का अभियान चलाया जाएगा।