अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक गंभीर, जिला अस्पताल रेफर

निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद चालक मौके से फरार हो गया। बताया जाता है कि अजय गुप्ता (25) किसी काम से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना देकर घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। युवक के सिर में गंभीर चोट आई है और नाक-कान से खून बह रहा है। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।