गोरखपुर जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं 200 लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों को जन समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

गोरखपुर जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं 200 लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनते एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
गोरखपुर जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं 200 लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
गोरखपुर जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं 200 लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

विभव पाठक

निष्पक्ष जन अवलोकन 

गोरखपुर, 2 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आवास, शिक्षा, विवाह सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं तथा वृद्धावस्था पेंशन जैसी योजनाएं समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के लिए संचालित की जा रही हैं। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति इन योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

सोमवार देर शाम गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर नागरिक की समस्या के समाधान और उसके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

जनता दर्शन में कई लोगों ने आवास, पेंशन, भूमि विवाद, चिकित्सा सहायता और अन्य समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र मुख्यमंत्री को सौंपे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निष्पक्ष, समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

कार्यक्रम में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी भी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों के इलाज का अनुमानित व्यय (इस्टीमेट) शीघ्र तैयार कर शासन को भेजा जाए ताकि समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

जनता दर्शन के दौरान जौनपुर जिले से आई एक महिला ने एक स्वयंसेवी संस्था (एनजीओ) पर फर्जी प्रमाण पत्र जारी करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं भूमि कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि कोई दबंग किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

जनता दर्शन में आए बच्चों से भी मुख्यमंत्री ने आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी तथा उन्हें चॉकलेट भेंट की।

इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर की गोशाला पहुंचकर गोसेवा की। उन्होंने गायों को गुड़ और रोटी खिलाई तथा गोशाला के कर्मचारियों को गोवंश की समुचित देखभाल के निर्देश दिए।