37 करोड़ की लागत से खिंझना-बजगहनी मार्ग का होगा चौड़ीकरण, विधायक ने किया भूमि पूजन
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल निंदूरा (बाराबंकी)। विकास खंड क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए शुक्रवार का दिन खुशखबरी लेकर आया। खिंझना-बजगहनी मार्ग के चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य का भूमि पूजन और शिलान्यास विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने किया। विधि-विधान के साथ नारियल फोड़कर कार्य की शुरुआत की गई। इस मौके पर लोगों ने विधायक का स्वागत करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। विधायक ने कहा कि सड़कें विकास की रीढ़ होती हैं। इस मार्ग के चौड़ीकरण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। लगभग 14 किलोमीटर लंबी और साढ़े पांच मीटर चौड़ी इस सड़क के निर्माण पर करीब 37 करोड़ 58 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क निर्माण के साथ कस्बों में जलनिकासी के लिए दोनों ओर नालों और फुटपाथ का भी निर्माण कराया जाएगा। इस सड़क के चौड़ीकरण से बड़ागांव, भैरमपुर, बछरौली, सालेपुर, ममरखापुर, रमपुरवा, मल्लावां, खिंझना, समनापुर हक्काबाद, ऊधापुर, सैंदर, सोहीपुर, दीनपनाह, भदेसिया और भदरास समेत आसपास के कई गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। साथ ही इस मार्ग से सीतापुर जनपद के सिधौली क्षेत्र तक आने-जाने वालों के लिए आवागमन और अधिक सुगम हो जाएगा।









