शिक्षकों की समस्याओं के समाधान हेतु शीघ्र होगी कार्यवाही : अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा
अजय रावत निष्पक्ष जन अवलोकन बाराबंकी: मुख्यमंत्री जी से भेंट के उपरांत उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय मिश्रा एवं प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार तिवारी के नेतृत्व में अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा से मिला। बैठक के दौरान शिक्षकों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से सेवारत/अनिवार्य टीईटी प्रकरण से संबंधित शिक्षकों को शीघ्र राहत प्रदान करने, ग्रीष्मकालीन एवं शीतकालीन अवकाश के दौरान जनगणना, एसआईआर एवं अन्य शासकीय कार्यों में लगाए गए शिक्षकों को अर्जित अवकाश इयरनेड लीव प्रदान करने, 01 अप्रैल 2005 से पूर्व विज्ञापित पदों पर नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना से आच्छादित किए जाने संबंधी शासनादेश जारी करने तथा अंतर्जनपदीय स्थानांतरण आदेश में संशोधन कर सभी इच्छुक शिक्षकों को आवेदन का अवसर प्रदान किए जाने की मांग रखी। अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सरकार की मंशा के अनुरूप किसी भी शिक्षक का अहित नही होगा हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रीष्मकालीन एवं शीतकालीन अवकाश में शिक्षकों द्वारा संपादित शासकीय कार्यों के एवज में अर्जित अवकाश प्रदान किए जाने संबंधी मांग पर भी नियमानुसार विचार कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश संयुक्त महामंत्री अमित सिंह, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह, जिला संयुक्त मंत्री गोंडा बलवंत सिंह, राजीव सिंह लोहिया एवं मंजूर इलाही सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने कहा कि संगठन शिक्षकों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत है तथा शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान हेतु लगातार प्रयास करता रहेगा।









