शादी समारोह से लौट रहे दो बाइक सवार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर घायल
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। शादी समारोह से वापस घर लौट रहे दो युवकों की बाइक ग्राम दोहई के पास स्थित एक कोल्ड स्टोरेज के निकट सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ग्राम कन्नापुर में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद देर रात दोनों युवक बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जब वे ग्राम दोहई के पास स्थित कोल्ड स्टोरेज के निकट पहुंचे, तभी उनकी बाइक सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान सीतापुर जनपद के बन्नी गांव निवासी सोनू (20) पुत्र रमेश और सुनील (16) पुत्र राजेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सोनू की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि सुनील को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।









