विश्व पर्यावरण दिवस–2026 पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत 73 ग्राम पंचायतों में हुआ व्यापक वृक्षारोपण

विश्व पर्यावरण दिवस–2026 पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत 73 ग्राम पंचायतों में हुआ व्यापक वृक्षारोपण

अजय रावत निष्पक्ष जन अवलोकन विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत विकास खंड क्षेत्र की 73 ग्राम पंचायतों में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा प्रत्येक नागरिक को प्रकृति एवं मातृत्व के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन हेतु प्रेरित करना है। इस क्रम में रामनगर के निवर्तमान विधायक शरद अवस्थी द्वारा ग्राम पंचायत रामसहाय में वृक्षारोपण किया गया, जबकि खंड विकास अधिकारी श्री संजीव कुमार गुप्ता द्वारा ग्राम पंचायत राजापुर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में 73 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों, स्वयं सहायता समूहों की दीदियों, ग्राम संगठन एवं संकुल स्तरीय संघों की पदाधिकारियों तथा मनरेगा श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। समूह की दीदियों ने वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। वृक्षारोपण अभियान के सफल संचालन में ग्राम विकास विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी , मुख्य विकास अधिकारी तथा उपायुक्त श्रम एवं रोजगार श्री विकास के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से संपन्न हुआ। अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम के दौरान सभी सेक्टर प्रभारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। विशेष रूप से एडीओ (आरडी) श्री जय राम वाल्मीकि, एपीओ श्रीमती रेनू रावत, बीएमएम श्री इमरान तथा बीएमएम सुश्री अंजली ने अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, समूह की दीदियों एवं ग्रामीणों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वच्छ एवं स्वस्थ भविष्य के निर्माण का आधार है। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए क्षेत्र को हरित, स्वच्छ एवं समृद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। सभी उपस्थित जनों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आश्वासन दिया।हजरतपुर में ग्राम सचिव सुरेश चंद्र यादव ने औन भाई,जुल्फी भाई के साथ वृक्षारोपण किया।