राज्य स्तरीय कर्मचारी/अधिकारी सद्भावना क्रिकेट टूर्नामेंट में खेले गए चार लीग मैच
निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। यू.पी. सिविल सर्विसेज प्लेयर्स एसोसिएशन, बाराबंकी के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय कर्मचारी/अधिकारी सद्भावना क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे दिवस कुल चार लीग मैच खेले गए। 10वीं वाहिनी पीएसी ग्राउंड, बाराबंकी में चल रही इस प्रतियोगिता में पहला मैच यूपीएसआरटीसी वॉरियर्स तथा इरिगेशन वॉरियर्स के मध्य खेला गया, जिसमें यूपीएसआरटीसी वॉरियर्स ने 27 रनों से जीत दर्ज की। तीन विकेट लेने वाले दानिश उमर को शानदार गेंदबाज़ी के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। दूसरा मैच एम.आई.डी. इलेवन तथा बहराइच की सरयू सुपरकिंग्स के बीच खेला गया। सरयू सुपरकिंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एम.आई.डी. इलेवन को मात्र 69 रनों पर समेट दिया और पंकज कुमार पाल की 53 रनों की दमदार पारी की बदौलत लक्ष्य को सात ओवर में ही हासिल कर लिया। पंकज कुमार पाल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। तीसरा मुकाबला सरयू सुपरकिंग्स और स्टार इलेवन के बीच खेला गया। सरयू सुपरकिंग्स के कप्तान मोहम्मद जावेद ने नाबाद 39 रन बनाकर अपनी टीम को 130 रनों का लक्ष्य देने में अहम भूमिका निभाई। जवाब में स्टार इलेवन की टीम 102 रन ही बना सकी। आदित्य सैनी ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए पाँच विकेट लिए और मैन ऑफ द मैच बने। इस प्रकार सरयू सुपरकिंग्स ने अपने दोनों मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। रिकी भट्ट की रुथलेस स्मैशर्स टीम भी अपने दोनों मुकाबले जीतकर पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। दिन के अंतिम लीग मैच में फार्मा मेडिको वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विपक्षी टीम को 54 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में अल्फा लीजेंड्स ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए मात्र दो विकेट खोकर 5.2 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। बैडमिंटन प्रतियोगिता में डॉ. राधेश्याम–डॉ. उपान्त राव की जोड़ी विजेता केडी सिंह बाबू स्टेडियम के बैडमिंटन हॉल में चल रही बैडमिंटन प्रतियोगिता में कुल छह खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में डॉ. राधेश्याम और डॉ. उपान्त राव की जोड़ी विजेता रही, जबकि इंजीनियर आशीष यादव और उत्कर्ष वर्मा की जोड़ी उपविजेता रही। इस अवसर पर यूपी सिविल सर्विसेज प्लेयर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आर.पी. सिंह बिसेन, महामंत्री के.के. सिंह, कोषाध्यक्ष रमेश चंद्र वर्मा, उपाध्यक्ष आशीष यादव व रवि कनोजिया, संगठन मंत्री रिकी भट्ट, मीडिया प्रभारी संदीप सिंह, संयुक्त मंत्री सीमा सिंह तथा सहयोग के लिए सत्य प्रकाश वर्मा मौजूद रहे। सभी मैचों का आंखों देखा हाल संदीप सिंह करन और आशीष यादव ने आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया।









