राजपूत शिक्षा मंदिर में विकास पथ सेवा संस्थान ने आयोजित किया महिला संगोष्ठी
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट। राजपूत शिक्षा मंदिर पूर्व माध्यमिक विद्यालय कर्वी में रानी अवंती बाई लोधी के परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर विकास पथ सेवा संस्थान द्वारा “बच्चों के पोषण में माताओं की भूमिका” विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने अवंती बाई लोधी के जीवन संघर्षों का प्रस्तुतीकरण कर लोगों से उनके बताएं मार्ग पर चलने का आवाहन किया। बच्चों विशेष रूप से बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने शैक्षिक उन्नयन में अहम योगदान करने पर प्रधानाचार्य कल्पना राजपूत को अवंतीबाई लोधी सम्मान से अलंकृत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र एवं अन्य क्रांतिकारी वीरों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। विकास पथ सेवा संस्थान के अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “नारी केवल परिवार की धुरी ही नहीं, बल्कि समाज परिवर्तन की अग्रदूत है। बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए माताओं का पोषण संबंधी जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। बाजार के खान-पान तथा पैकेट बंद खाद्य पदार्थों से बचना चाहिए।” मुख्य अतिथि महिला कल्याण अधिकारी श्रीमती प्रिया माथुर ने कहा कि “स्वस्थ समाज की नींव एक जागरूक एवं सशक्त महिला से ही पड़ती है। माताएं यदि पोषण के प्रति सजग हों, तो समाज स्वतः स्वस्थ और सशक्त बन सकता है।” कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही कल्याण भारती इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य कल्पना राजपूत ने कहा कि “महिलाओं की शिक्षा और जागरूकता ही बच्चों के सर्वांगीण विकास का आधार है।” विशिष्ट अतिथि वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी श्रीमती अर्चना साहू ने महिलाओं के अधिकार एवं सुरक्षा पर प्रकाश डाला, वहीं सभासद एवं समाजसेवी शंकर प्रसाद यादव ने समाज में महिलाओं की भूमिका को सशक्त करने पर बल दिया। इस अवसर पर कल्याण भारती इंटर कॉलेज की बालिकाओं द्वारा आकर्षक स्वागत गीत एवं अवंती बाई लोधी के शौर्य से जुड़ी लघु नाटिका प्रस्तुत की गई, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया तथा सामाजिक संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। अवंती बाई की भूमिका निभाने वाली छात्रा चेतना पांडेय के रोल को सराहा गया प्रधानाचार्य ने सभी बालिकाओं को पुरस्कृत कर उत्साह वर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान दैनिक आज के ब्यूरो शंकर यादव के साथ मुख्य अतिथि द्वारा प्रधानाचार्य कल्पना राजपूत को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही अतिथियों को रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में कल्याण भारती इंटर कॉलेज के प्रबंधक जे.पी. राजपूत ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान डाबर इंडिया लिमिटेड के सहयोग से उपस्थित महिलाओं को पोषण सामग्री का वितरण किया गया, जिससे पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। संगोष्ठी में संस्थान के कार्यक्रम प्रभारी लवलेश सिंह, ईश्वरी प्रसाद राजपूत हजारीलाल राजपूत जागेश्वर प्रसाद राजपूत डॉक्टर राजेंद्र सिंह सूरज राजपूत कमलेश विनोद कुमार प्रेमचंद यादव शिव गणेश राजपूत लक्ष्मी देवी राजपूत कीर्ति देवी कृष्णा मिश्रा गीता देवी धीरेंद्र कुमार ,सुहानी पांडेय सुबेदिता आदि सहित सैकड़ों अभिभावक महिलाएं व बच्चों की उपस्थिति रही।









