मरम्मत के बाद छोटे वाहनों के लिए खुला संजय सेतु, 15 जून तक भारी वाहनों पर रोक

मरम्मत के बाद छोटे वाहनों के लिए खुला संजय सेतु, 15 जून तक भारी वाहनों पर रोक

निष्पक्ष जन अवलोकन। रामशंकर वर्मा।

रामनगर, बाराबंकी। लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित संजय सेतु की लगभग ढाई करोड़ रुपये की लागत से मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद सोमवार को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के इंजीनियर सुजीत ने सोमवार सुबह करीब 10 बजे फीता काटकर छोटे वाहनों के आवागमन का शुभारंभ किया।

लगभग 1200 मीटर लंबे इस महत्वपूर्ण सेतु की मरम्मत के दौरान यातायात पूरी तरह बंद रखा गया था, जिससे लखनऊ, बाराबंकी, बहराइच सहित आसपास के जिलों के लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा था। पुल के खुलने से क्षेत्रवासियों और यात्रियों ने राहत की सांस ली है।

इंजीनियर सुजीत ने बताया कि सेतु पर सभी तकनीकी एवं सुरक्षा संबंधी कार्य समय पर पूर्ण कर लिए गए हैं। आवश्यक परीक्षण और निरीक्षण के बाद छोटे वाहनों को पुल से गुजरने की अनुमति प्रदान कर दी गई है। उन्होंने बताया कि भारी वाहनों के संचालन के लिए अभी कुछ परीक्षण और औपचारिकताएं शेष हैं, इसलिए 15 जून तक बड़े वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। उम्मीद है कि 15 जून के बाद भारी वाहनों को भी सेतु से गुजरने की अनुमति मिल जाएगी।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी अनंत मौर्य एवं इंजीनियर सद्दाम ने भी पुष्टि की कि संजय सेतु पर छोटे वाहनों का संचालन शुरू हो चुका है तथा यातायात व्यवस्था को पूरी तरह सामान्य बनाने के लिए प्रयास जारी हैं।

इस अवसर पर सुपरवाइजर ऋषभ सिंह, साइट इंचार्ज लेखपाल सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।

संजय सेतु दो जिलों को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसके पुनः चालू होने से आवागमन पहले की तरह सुगम होने की उम्मीद है तथा क्षेत्र के व्यापारिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।