भूमि संबंधी शिकायतों का एक सप्ताह में करें निस्तारण: जिलाधिकारी

भूमि संबंधी शिकायतों का एक सप्ताह में करें निस्तारण: जिलाधिकारी

निष्पक्ष जन अवलोकन/अमर नाथ शर्मा सोनभद्र/ स्थानीय विकास खंड म्योरपुर की ग्राम पंचायत कुदरी स्थित पंचायत भवन में शनिवार सायं जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में जन चैपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड उपस्थित रहे। जन चैपाल के दौरान ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं से संबंधित कुल 86 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें भूमि विवाद, सड़क, बिजली, सिंचाई एवं अन्य जनहित से जुड़े मामले प्रमुख रहे।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण एक सप्ताह के भीतर हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्यक्रम की शुरुआत में जिलाधिकारी चर्चित गौड़, राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड, अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता एवं ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड द्वारा छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। इसके उपरांत एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। ग्राम प्रधान रामदास गोंड ने अतिथियों का गुलदस्ता, तीर-कमान एवं बांस की टोपी भेंट कर स्वागत किया। चैपाल में ग्रामीणों ने गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली, टूटे रपटा, सिंचाई कूप, किसान निधि भुगतान, महुआ टोला में सड़क एवं विद्युत व्यवस्था जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के अभाव में आज भी लोगों को पगडंडी जैसे रास्तों से आवागमन करना पड़ता है। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का निस्तारण पांच दिनों के भीतर किया जाए। वहीं राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दुद्धी क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। कार्यक्रम में सुषमा सिंह, शारदा खरवार, एसडीएम दुद्धी निखिल यादव, क्षेत्राधिकारी राजेश राय, डीपीआरओ नमिता शरण, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गुलाब शंकर, आजीविका मिशन के जिला प्रबंधक रवि, बीडीओ म्योरपुर दिनेश कुमार मिश्र, सीडीपीओ सुरेश चंद्र, रामवृक्ष विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डीडीओ हेमंत कुमार सिंह ने किया।