बंद पड़ी बुढ़वल मिल बनकर चले इसकी मांग जोर शोर से शुरू सुनील सिंह सेवक ने कहा मिल चलना बहुत जरूरी,वे भी पैरवी करेंगे मिल निर्माण के लिए भाजपा के बड़े नेताओं से मिलेंगे
निष्पक्ष जन अवलोकन अजय रावत एडवोकेट ।। रामनगर। बंद पड़ी बुढ़वल चीनी मिल की सुरक्षा व तैनात कर्मचारियों पर हर साल पचास लाख रुपए खर्च हो रहा है। करीब अठारह साल से मिल बंद है जिसकी सुरक्षा में ही अब तक नौ करोड़ खर्च हो चुके हैं।यदि मिल बनकर चालू हो गई होती तो इलाके के गन्ना किसानों के साथ सरकार भी फायदे में होती।जो सरकार का हर साल सुरक्षा में खर्च हो रहा वह न होता। बताया जा रहा है कि बुढ़वल मिल को नए सिरे से बनवाने के लिए सरकार ने पचासी करोड़ दिए थे और बीस लाख रुपए जमीन सुरक्षित करने के लिए तार खिंचवाने के लिए दिए थे। तार खींच कर जमीन से अवैध कब्जा भी हट गया लेकिन इसी बीच यहां का पैसा छाता मिल चला गया।सूत्र बताते हैं कि छाता मिल को चलाने के लिए बुढ़वल मिल के पैसे को मिलाकर एक सौ पचास करोड़ भेजा गया लेकिन वहां गन्ना उत्पादन न होने से मिल चल नहीं सकी और पैसा सरकार को वापस चला गया। चूंकि बंद पड़ी मिल बुढ़वल केन मिल है और इस इलाके में गन्ना भी खूब है लिहाजा इसे बनवाकर चलवाने की मांग अब तेजी से शुरू हो गई है।भाजपा नेता निवर्तमान विधायक शरद अवस्थी जहां समय समय पर इसकी मांग मुख्यमंत्री से करते रहते हैं वहीं एम एल सी सहित क्षेत्र के विधायक ने भी दोनों सदनों में उठाई है। सरकार इधर यदि ध्यान दे दे तो मिल बनकर चल जाए और गन्ना किसानों के जीवन में खुशहाली आए। केंद्र सरकार के बजट में भी बंद पड़े कल कारखानों को चलाने की बात कही गई थी। बजरंग दल व विहिप में काम कर चुके सुनील सिंह कहते है कि रामनगर क्षेत्र के गन्ना किसानों के लिए सरकार इसे बनवाकर चलवाए जिससे रोजी रोजगार से भी स्थानीय लोग जुड़ेंगे।अब अहम सवाल यह बना है कि इस मामले की कड़ी पैरवी कौन करता है। प्रभारी जी एम जिला गन्ना अधिकारी दुष्यंत कुमार ने बताया कि रामनगर इलाके में गन्ना होता है।मिल बनकर चल जाए तो क्षेत्रीय गन्ना किसानों का हित होगा। मिल बनना या न बनना सरकार का निर्णय है।








