प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की मौत, सीएचसी में मचा हड़कंप
निष्पक्ष जन अवलोकन नूर मोहम्मद मसौली (बाराबंकी)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव में एक महिला की प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा दोनों की मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना व कस्बा मसौली के मोहल्ला ब्लॉक कालोनी निवासी इशरत अली की 32 वर्षीय पत्नी लैलातूननिशा को प्रसव के लिए सुबह करीब 10 बजे सीएचसी बड़ागांव में भर्ती कराया गया था। लगभग 11:30 बजे महिला ने एक पुत्र को जन्म दिया। प्रसव के बाद महिला की हालत सामान्य बताई जा रही थी, लेकिन कुछ ही देर बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। चिकित्सक इलाज शुरू करते उससे पहले ही जच्चा-बच्चा दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, तीसरा था बच्चा घटना की सूचना मिलते ही मसौली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि मृतका का यह तीसरा बच्चा था, इससे पहले उसके दो बच्चे हैं। सीएचसी प्रभारी अधीक्षक डॉ. राधेश्याम गौड़ के अनुसार, प्रसव के बाद महिला की स्थिति सामान्य थी, लेकिन कुछ देर बाद दिल की धड़कन अचानक बढ़ गई, जिससे महिला की मौत हो गई और उसके बाद नवजात ने भी दम तोड़ दिया।









