नदी में उतराता मिला युवक का शव, क्षेत्र में सनसनी

निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल बाराबंकी। सूरतगंज थाना क्षेत्र में भिटैली गांव निवासी एक युवक का शव शुक्रवार को सुमली नदी में उतराता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सरसावा पुल के पास शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार रामनगर थाना क्षेत्र के भिटैली गांव निवासी लवकुश (32) पुत्र नटवर गुरुवार शाम करीब चार बजे घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार को ग्रामीणों ने सरसावा पुल के पास सुमली नदी में एक शव उतराता हुआ देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और पहचान कराने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।