थाना कोतवाली बदोसरांय क्षेत्र के बरदरी गांव में 25 वर्षीय युवक का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला
अजय रावत निष्पक्ष जन अवलोकन सिरौलीगौसपुर बाराबंकी । कोतवाली बदोसराय थाना क्षेत्र के बरदरी मरकामऊ गांव में शुक्रवार सुबह एक 25 वर्षीय युवक का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान चाँद बाबू (उम्र करीब 25 वर्ष), पुत्र मोहियाद्दीन के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, यह घटना सुबह लगभग 9 बजे की है। उस समय घर में चाँद बाबू की वृद्ध दादी और दो छोटी बहनें (8 और 5 वर्ष) मौजूद थीं। परिजनों ने चीख-पुकार सुनकर शव को फंदे से नीचे उतारा। सूचना मिलने पर बदोसराय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायत नामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आगे की जांच के लिए मृतक का मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में लिया है। परिजनों ने बताया कि चाँद बाबू के पिता का लगभग एक साल पहले बीमारी से निधन हो गया था। वह परिवार का इकलौता बेटा था और अविवाहित था। उस पर अपनी दो छोटी बहनों की जिम्मेदारी थी। उसकी विधवा मां रोजगार के लिए लखनऊ में रहती हैं। गांव के लोगों के अनुसार, चाँद बाबू मिलनसार स्वभाव का था। पिता की मृत्यु के बाद से वह गुमसुम रहने लगा था, लेकिन किसी को भी उसके ऐसा कदम उठाने का अंदेशा नहीं था। गांव में प्रेम प्रसंग सहित इस घटना को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि आत्महत्या का वास्तविक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। बदोसराय थाना के वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।









