डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस पर वन विभाग करेगा गोष्ठी व पौधरोपण
अजय रावत निष्पक्ष जन अवलोकन बाराबंकी । डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस 23 जून पर वन विभाग द्वारा गोष्ठी कर पौधरोपण किया जाएगा व किसानों को पौध संरक्षण पर जागरूक किया जाएगा। प्रभागीय वनाधिकारी आकाश बधावन ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों के अनुसार वन रेंज रामनगर सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्र के ग्रामीण अंचल में गोष्ठी के साथ पौध रोपण का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों के माध्यम से डॉ. मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण किया जाएगा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।वन विभाग रामनगर के वन दरोगा सचिन पटेल कार्यक्रम की रूपरेखा बन रहे हैं। अन्य स्थानों पर भी अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को पौधरोपण के लिए जागरूक किया जाएगा। उन्हें खेतों की मेड़ों, खाली पड़ी भूमि तथा सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ हरित आवरण बढ़ाने के प्रति जनसहभागिता सुनिश्चित करना है। आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, किसानों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।









