टिकैतनगर CHC के सामने सड़क हादसा
निष्पक्ष जन अवलोकन। रत्नाकर पाण्डेय। टिकैतनगर कस्बे में सीएचसी (CHC) के ठीक सामने एक सड़क दुर्घटना हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार छोटेलाल (55 वर्ष) निवासी ननिहयारपुर, कोटवा धाम से दर्शन कर अपनी साइकिल से घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनके पीछे से थाना पटरंगा क्षेत्र के अंकित अपनी माताजी के साथ बाइक से आ रहे थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में अंकित की माताजी को अचानक चक्कर आ गया, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और पीछे से जाकर छोटेलाल की साइकिल में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में छोटेलाल गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका हाथ मौके पर ही टूट गया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) टिकैतनगर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।









