गुणवत्तापरक शिक्षा व शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्रमुख उद्देश्य : बीएसए रंजना शुक्ला

गुणवत्तापरक शिक्षा व शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्रमुख उद्देश्य : बीएसए रंजना शुक्ला
गुणवत्तापरक शिक्षा व शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्रमुख उद्देश्य : बीएसए रंजना शुक्ला

निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जनपद चित्रकूट के प्रतिनिधिमंडल ने नवागत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) रंजना शुक्ला से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें चित्रकूट की पावन धरा पर पदभार ग्रहण करने की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर शिक्षा व्यवस्था, शिक्षक हितों एवं शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रंजना शुक्ला ने कहा कि 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापरक शिक्षा पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित सभी योजनाओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद बच्चों को भी शिक्षा का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के अनुरूप कार्य करते हुए शिक्षा विभाग में सकारात्मक एवं पारदर्शी वातावरण का निर्माण किया जाएगा। इसके माध्यम से निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाया जाएगा। वहीं, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश पाण्डेय ने कहा कि संघ की पूरी टीम कर्मठ, ऊर्जावान एवं अपने दायित्वों के प्रति समर्पित है। शिक्षक संगठन जहां शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, वहीं छात्र हित और विभागीय हित को भी सर्वोपरि मानता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवागत बीएसए के नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा तथा विभागीय कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित होगा। प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। इस दौरान शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने शिक्षा के क्षेत्र में जनपद को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।