क्षेत्र में हर्षोल्लास और शांति के साथ मनाई गई ईद-उल-फितर
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। कस्बा बेलहरा सहित पूरे क्षेत्र में ईद-उल-फितर का त्योहार बड़े ही हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने ईदगाहों और मस्जिदों में पहुंचकर नमाज अदा की और देश में अमन, चैन व खुशहाली की दुआएं मांगीं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास पुलिस बल मुस्तैद रहा। ईद को लेकर शनिवार को मुस्लिम समुदाय में खासा उत्साह देखने को मिला। चांद का दीदार होने के बाद से ही लोग तैयारियों में जुट गए थे। बेलहरा कस्बे की ईदगाह में मौलाना कुर्बान कासमी, घघसी में मौलाना हारून कासमी और भटुवामऊ में मौलाना तौफीक नदवी ने ईद की नमाज अदा कराई। इस दौरान उलेमा ने रमजान और ईद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व आपसी भाईचारा, प्रेम और सौहार्द का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि पवित्र रमजान माह में पूरे तीस रोजे रखने के बाद ईद का त्योहार अल्लाह की ओर से रोजेदारों के लिए एक खास इनाम है। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। घरों में सेवइयां और अन्य मिष्ठान बनाकर खुशियां मनाई गईं। ईद को लेकर बच्चों में सबसे ज्यादा उत्साह देखने को मिला। नए कपड़े पहनकर बच्चों ने बड़ों से ईदी ली और खुश नजर आए। वहीं क्षेत्र के सूरतगंज, लालपुर करौता, मोहम्मदपुर खाला और छेदा सहित अन्य स्थानों पर भी ईद की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से अदा की गई। सभी स्थानों पर सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस बल तैनात रहा।









