कानपुर देहात में काली छाया का डर, बोतल वाले बाबा का काला खेल आस्था के नाम पर हैवानियत
निष्पक्ष जनवलोकन।
अंकित तिवारी।
कानपुर देहात में आस्था और अंधविश्वास के नाम पर ठगी और हैवानियत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। देवराहट थाना क्षेत्र के चैन के पुरवा गांव में कथित तांत्रिक हरिओम यादव उर्फ ‘बोतल बाबा’ पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि बाबा ने पहले उसके ऊपर “काली छाया” और नकारात्मक शक्तियों का भय दिखाया, फिर उसे ठीक करने के नाम पर 40 हजार रुपये ऐंठ लिए। पीड़िता के मुताबिक, कई दिनों तक पूजा-पाठ और विशेष अनुष्ठान कराने की बात कहकर उसे भरोसे में लिया गया। इसके बाद उसे हरिधाम बुलाया गया, जहां कथित तौर पर बाबा और उसके सहयोगियों ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और दुष्कर्म की कोशिश की। महिला ने विरोध किया तो माहौल तनावपूर्ण हो गया और आरोपी पक्ष आक्रामक हो गया। किसी तरह वहां से निकलकर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हरिओम यादव उर्फ बोतल बाबा समेत पांच नामजद और चार से पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









