आवारा कुत्तों के हमले से घायल हिरण का बच्चा, ग्रामीणों की सतर्कता से बची जान
निष्पक्ष जन अवलोकन नूर मोहम्मद मसौली (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र के आईटीआई कॉलेज बड़ागांव के निकट आवारा कुत्तों के झुंड ने एक हिरण के बच्चे पर हमला कर उसे घायल कर दिया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए हिरण को कुत्तों से बचाया और पुलिस व वन विभाग को सूचना दी। जानकारी के अनुसार, कुत्तों से जान बचाने के लिए हिरण का बच्चा भागते हुए काशी आश्रम के एक कमरे में जाकर छिप गया। घायल अवस्था में उसे देखकर ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति का जायजा लेकर वन विभाग को अवगत कराया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मेडिकल स्टाफ के साथ मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू कर हिरण को बाहर निकाला। वन दरोगा सतीश मिश्रा ने बताया कि कुत्तों के हमले से हिरण को कई जगह गंभीर चोटें आई हैं, जिनका मौके पर प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद हिरण को बेहतर इलाज के लिए वन विभाग अपने साथ ले गया। उन्होंने बताया कि पूर्ण रूप से स्वस्थ होने तक हिरण को निगरानी में रखा जाएगा और ठीक होने पर उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया जाएगा। इस दौरान स्थानीय लोगों की जागरूकता और जिम्मेदारी की सराहना की गई, जिनकी वजह से समय रहते हिरण की जान बचाई जा सकी।









