राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर स्वास्थ्य-विज्ञान समन्वय का दिया संदेश

निष्पक्ष जन अवलोकन

बदायूं/बिल्सी। नीति आयोग के संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत रविवार को विकास खंड अंबियापुर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। खंड विकास अधिकारी शैली गोविल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य और विज्ञान के समन्वय पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल, स्वच्छता व्यवहार और बच्चों के विकास की निगरानी के वैज्ञानिक तरीकों का लाइव डेमोंस्ट्रेशन दिया गया। विशेषज्ञों ने विस्तार से बताया कि संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और वैज्ञानिक सोच अपनाकर कुपोषण जैसी गंभीर समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। बच्चों की लंबाई, वजन और आयु के अनुसार विकास का आकलन करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। खंड विकास अधिकारी ने कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाना समय की आवश्यकता है। यदि ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ेगी तो समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शोधार्थी आशीष वर्मा, मुख्य सेविका मानती देवी एवं मंजू दिवाकर, ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक, स्वास्थ्य विभाग से प्रेमवीर, अमन सहित एएनएम व आशा बहुएं मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।