मंजीठा में कांशीराम जयंती पर बोले सांसद चंद्रशेखर रावण, लोकतंत्र में बटन से दी जाती है चोट
निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। शहर के निकट मंजीठा में रविवार को कांशीराम जयंती व आजाद समाज पार्टी के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगीना लोकसभा से सांसद व आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर रावण ने प्रदेश सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की हालत खराब है और संभल में एक अधिकारी भाजपा की भाषा बोल रहा है। सांसद ने आरोप लगाया कि बाराबंकी आते समय उनके ऊपर पत्थर फेंके गए। उन्होंने कहा कि पहले लोग तलवारों से युद्ध लड़ते थे, लेकिन अब लोकतंत्र में बटन दबाकर चोट की जाती है। चंद्रशेखर रावण ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का जो सपना था, वह उनके जाने के बाद अधूरा रह गया। उस सपने को पूरा करने के लिए कांशीराम ने लंबा संघर्ष किया और अब उसी मिशन को आजाद समाज पार्टी आगे बढ़ाने का काम कर रही है। बताया गया कि कार्यक्रम को लेकर पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही थीं, जिसे जिला व पुलिस प्रशासन ने गंभीरता से लिया था। विरोध करने वाले कुछ लोगों को हाउस अरेस्ट भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान किसी अनहोनी से बचाव और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता भी सतर्क रहे। भारी पुलिस व्यवस्था के बीच कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिसके बाद जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली।









