बाराबंकी में उपसमिति की बैठक सम्पन्न, विकास कार्यों की गुणवत्ता पर दिए सख्त निर्देश

बाराबंकी में उपसमिति की बैठक सम्पन्न, विकास कार्यों की गुणवत्ता पर दिए सख्त निर्देश

निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। उत्तर प्रदेश विधानसभा की सार्वजनिक उपक्रम एवं निगम संयुक्त समिति की प्रथम उपसमिति के द्वितीय अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपसमिति की संयोजक मनीषा अनुरागी, सदस्य विधान परिषद अंगद कुमार सिंह, सदर विधायक सुरेश यादव व भाजपा जिलाध्यक्ष रामसिंह वर्मा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जल निगम (नगरीय) के कार्यों की समीक्षा की गई, जिसमें बताया गया कि जनपद में पांच परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। समिति ने निर्देश दिया कि पाइपलाइन बिछाने में किसी प्रकार की अनियमितता न हो और डीपीआर के मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता का कार्य कराया जाए। साथ ही जिन सड़कों को कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त किया गया है, उनका गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण सुनिश्चित किया जाए। उपसमिति को अवगत कराया गया कि यूपीपीसीएल द्वारा जनपद में कुल 27 कार्य कराए जा रहे हैं, जिनमें से 21 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि शेष कार्य प्रगति पर हैं। समिति ने तहसील नवाबगंज के खसपरिया स्थित मत्थेश्वर महादेव मंदिर के पर्यटन विकास कार्य की जांच कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। संयोजक मनीषा अनुरागी ने कहा कि किसानों के लिए विद्युत आपूर्ति अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए शासन द्वारा निर्धारित समयावधि के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जहां भी जर्जर तार या खराब ट्रांसफार्मर हैं, उन्हें तत्काल बदलवाया जाए। इस अवसर पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) निरंकार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश यादव, परियोजना निदेशक राकेश कुमार, जिला विकास अधिकारी भूषण कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।