पेड़ से टकराई बाइक, एमआर की दर्दनाक मौत

पेड़ से टकराई बाइक, एमआर की दर्दनाक मौत

निष्पक्ष जन अवलोकन रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। अयोध्या–लखनऊ राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दवा की सप्लाई करने जा रहे 22 वर्षीय एमआर की मौत हो गई। युवक रोज की तरह अपने काम पर निकला था, लेकिन रास्ते में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर फैल गई। जानकारी के अनुसार जैदपुर थाना क्षेत्र के बंभौरालोधी गांव निवासी गौरव सिंह (22) मेडिकल क्षेत्र में एमआर के रूप में कार्य करते थे। वह विभिन्न दवा दुकानों और चिकित्सकों के यहां दवाओं की सप्लाई और प्रचार का काम करते थे। सोमवार सुबह करीब नौ बजे वह बाइक से अपने काम के सिलसिले में निकले थे। बताया जाता है कि जब वह रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में अयोध्या–लखनऊ राजमार्ग पर शाहपुर मुरारपुर मोड़ के पास पहुंचे, तभी उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित हादसा देखकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामसनेहीघाट पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा युवक की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।