तहसील कर्वी में 'सम्पूर्ण समाधान दिवस' का आयोजन; जन समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु अधिकारियों को कड़े निर्देश
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट।शासन की मंशानुरूप जन-समस्याओं के प्रभावी निराकरण हेतु आज तहसील सभागार कर्वी में पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) परिक्षेत्र बांदा, राजेश कुमार एस की अध्यक्षता में, जिलाधिकारी पुरकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में 'सम्पूर्ण समाधान दिवस' का आयोजन किया गया। पुलिस उप महानिरीक्षक ने फार्मर रजिस्ट्री, नाली, चकरोड, विद्युत एवं जलापूर्ति आदि से आए संबंधित प्राप्त प्रार्थना पत्रों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। भूमि विवाद से जुड़े प्रकरणों पर सख्त रुख अपनाते हुए डीआईजी ने निर्देश दिए कि राजस्व, पुलिस एवं चकबंदी विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करे और निष्पक्ष पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करे। जिलाधिकारी पुरकित गर्ग ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता शिकायतों का समयबद्ध समाधान है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निस्तारण में अनावश्यक विलंब या शिथिलता पाई गई, तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने महिला संबंधी शिकायतों को शीर्ष प्राथमिकता पर निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं से संबंधित प्राप्त प्रार्थना पत्रों का संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान किया जाए। सम्पूर्ण समाधान दिवस कर्वी में कुल 73 प्रार्थना पत्र आए एवं मौके पर 6 निस्तारण कराया गया। इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी डी पी पाल की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस मऊ में संपन्न हुई। जिसमें 39 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए मौके पर 4 का निस्तारण करा दिया गया । सम्पूर्ण समाधान राजापुर की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरुण कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। समाधान दिवस में 39 प्रार्थना पत्र आए जिसमें पाँच का मौके पर निस्तारण करा दिया गया। मानिकपुर, संपूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिसमें बत्तीस प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए । इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेश द्विवेदी, उपजिलाधिकारी कर्वी पूजा साहू, उपजिलाधिकारी (न्यायिक) सौरभ यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) अरविंद कुमार वर्मा, बंदोबस्त अधिकारी (चकबंदी) मनोहर लालवर्धन सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।








