डीएम ने योजनाओं की समीक्षा कर दी सख्त चेतावनी, खराब प्रदर्शन पर जताई नाराजगी

निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अंतर्गत जनपद की विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति एवं रैंकिंग की गहन समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले 37 बिंदुओं पर विभागवार स्थिति की समीक्षा की गई, जिसमें मार्च माह में जारी रैंकिंग के आधार पर प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन विभागों की रैंकिंग अपेक्षित स्तर से नीचे है, उनके विभागाध्यक्ष व्यक्तिगत रुचि लेते हुए योजनाओं की प्रगति में त्वरित सुधार सुनिश्चित करें। उन्होंने सी, डी एवं ई श्रेणी में शामिल विभागों के खराब प्रदर्शन पर कड़ी नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य न होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक के दौरान पंचायती राज विभाग की रैंकिंग में गिरावट पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य कम प्रगति वाले विभागों के अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश भी दिए।