खेलते-खेलते पानी से भरे टब में डूबा मासूम, दर्दनाक मौत से मचा कोहराम
निष्पक्ष जन अवलोकन।
विजय राम जायसवाल।
फतेहपुर/बाराबंकी। थाना क्षेत्र के सन्दूपुर गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां खेलते-खेलते दो वर्षीय मासूम की पानी से भरे टब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, सन्दूपुर निवासी मोहित का दो वर्षीय पुत्र आरव घर के बाहर आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान वह नल के पास रखे पानी से भरे टब के करीब पहुंच गया और अनजाने में उसमें गिर गया। उस समय परिवार के सदस्य आसपास ही मौजूद थे, लेकिन किसी को घटना का अंदाजा नहीं हो सका। काफी देर तक जब आरव नजर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह टब में अचेत अवस्था में मिला। यह दृश्य देख परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता मोहित गहरे सदमे में हैं। बताया जा रहा है कि आरव की एक छह माह की छोटी बहन भी है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।









