कोल्ड स्टोरों के बाहर आलू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतार, किसानों को हो रही परेशानी

कोल्ड स्टोरों के बाहर आलू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतार, किसानों को हो रही परेशानी

निष्पक्ष जन अवलोकन फतेहपुर (बाराबंकी)। शनिवार शाम करीब छह बजे निंदूरा ब्लॉक क्षेत्र के लखनऊ–मह्मूदाबाद–कुर्सी मार्ग स्थित बाबाकुटी, बढ़डुपुर के वारसी कोल्ड स्टोर और द्वारिका कोल्ड स्टोर के बाहर आलू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें देखी गईं। इससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आलू के बेहतर दाम न मिलने के कारण किसान भंडारण पर अधिक जोर दे रहे हैं। इसी वजह से कोल्ड स्टोरों के बाहर आलू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी लाइनें लग गई हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि कई किसानों को अपनी रातें ट्रॉलियों के नीचे ही गुजारनी पड़ रही हैं। किसान जल्द से जल्द अपने आलू का भंडारण कराना चाहते हैं। बताया जा रहा है कि अब तक 70 प्रतिशत से अधिक आलू कोल्ड स्टोरों में भंडारित हो चुका है। वहीं कोल्ड स्टोरों में जगह कम बची होने के कारण भी किसान चिंतित हैं। बाजार में आलू के भाव भी बेहतर नहीं हैं, इसलिए किसान भंडारण को प्राथमिकता दे रहे हैं। किसानों का मानना है कि खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के समाप्त होने के बाद आलू की मांग बढ़ सकती है, जिससे उन्हें बेहतर दाम मिलने की उम्मीद है। इस संबंध में जिला उद्यान अधिकारी प्रज्ञा उपाध्याय ने बताया कि कोल्ड स्टोरों में पर्याप्त जगह उपलब्ध है। उन्होंने किसानों से परेशान न होने की अपील करते हुए कहा कि सभी किसानों के आलू का भंडारण सुनिश्चित करने का पूरा प्रयास किया जाएगा।