आंबेडकर जयंती से पहले मसौली में पुलिस का पैदल मार्च, शांति बनाए रखने की अपील

निष्पक्ष जन अवलोकन रिपोर्ट: नूर मोहम्मद मसौली, बाराबंकी। डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत बड़ागांव में पैदल मार्च निकाला गया। इस मार्च का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी रामनगर गरिमा पंथ व प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी ने किया। पैदल मार्च डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क से शुरू होकर मोहल्ला बड़ी चौक, पुराना अस्पताल, मंझपटिया, नालीपार, आईमाहार और मढ़ीटोला होते हुए पुनः पार्क में समाप्त हुआ। इस दौरान पुलिस बल ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। डीजे पर भड़काऊ गाने बजाने पर होगी सख्त कार्रवाई पैदल मार्च के दौरान सीओ गरिमा पंथ ने लोगों को संबोधित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि डीजे पर किसी भी प्रकार के भड़काऊ या आपत्तिजनक गाने न बजाए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी जाति या धर्म विशेष से जुड़े ऐसे गाने, जो समाज में तनाव पैदा कर सकते हैं, बिल्कुल न बजाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि “कोई भी ऐसा गीत न बजाएं, जिससे किसी व्यक्ति या समाज की भावनाएं आहत हों। हम सब एक हैं और समाज में सौहार्द बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।” इस अवसर पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक शमशाद अली, कस्बा प्रभारी अभय गुप्ता, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नूर मोहम्मद, आंबेडकर जयंती समारोह समिति के अध्यक्ष मुनेश्वर प्रसाद गौतम, कृष्ण कुमार गुप्ता, शुभम वर्मा, बीडीसी पप्पू गौतम, अंगद गौतम, मायाराम गौतम, रामसरन गौतम, मानिक चंद्र, प्रदीप कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।