अफवाहों के बीच इंडेन गैस एजेंसी पर लगी लंबी कतारें सप्लाई इंस्पेक्टर ने किया निरीक्षण
निष्पक्ष जन अवलोकन
बदायूं/बिल्सी। देशभर में एलपीजी सिलेंडर को लेकर फैली अफवाहों का असर शनिवार को नगर में भी देखने को मिला। अफवाहों के चलते बिल्सी स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गईं। बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पर पहुंच गए। इंडेन गैस एजेंसी के संचालक सुरेंद्र पाल ने बताया कि एलपीजी गैस की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। जिन उपभोक्ताओं ने गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई है, उन्हें डीएसी नंबर के माध्यम से तत्काल सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। उपभोक्ताओं का कहना था कि अब बिना बुकिंग के किसी को भी सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है। केवल उन्हीं लोगों को गैस सिलेंडर दिया जा रहा है, जिनकी बुकिंग पहले से दर्ज है। शनिवार को जैसे ही एजेंसी पर एलपीजी सिलेंडर से भरी गाड़ी पहुंची, वैसे ही उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ गई और एजेंसी परिसर में लंबी कतार लग गई। इस दौरान सप्लाई इंस्पेक्टर धीरज गुप्ता भी इंडेन गैस एजेंसी पहुंचे। उन्होंने एजेंसी का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया और वहां मौजूद उपभोक्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। सप्लाई इंस्पेक्टर ने उपभोक्ताओं को भरोसा दिलाया कि गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।









