अधूरा अंडरपास बना हादसों का कारण, एक साल से खुले गड्ढों से राहगीर परेशान
निष्पक्ष जन अवलोकन नूर मोहम्मद मसौली (बाराबंकी)। लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ग्राम जलालपुर के निकट अंडरपास/ओवरब्रिज निर्माण के लिए करीब एक वर्ष पूर्व खोदे गए गहरे गड्ढे अब किसी बड़ी अनहोनी को आमंत्रित करते नजर आ रहे हैं। सड़क से सटे ये गड्ढे राहगीरों, खासकर बाइक सवारों के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। बताया जाता है कि अत्यंत व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम जलालपुर के पास अंडरपास निर्माण के लिए लगभग 8 फीट गहरे गड्ढे खोदे गए थे, लेकिन एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। हैरानी की बात यह है कि मौके पर न तो बैरिकेडिंग की गई है, न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई है। ऐसी स्थिति में दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। विशेष रूप से बाइक सवारों के लिए यह स्थान बेहद खतरनाक साबित हो सकता है, जहां थोड़ी सी असंतुलन की स्थिति में गंभीर हादसा हो सकता है।









