26 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि के साथ पालिका का बजट पेश, नगर विकास को मिलेगा फायदा
मीरजापुर। नगर पालिका परिषद की बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष 2026–27 का बजट प्रस्तुत किया गया। सदन के सभी सदस्यों ने ध्वनिमत से बजट को पारित किया।प्रस्तुत बजट में नगर के विकासात्मक कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। सदन में बजट के आय-व्यय और अंतिम अवशेष का विस्तृत ब्यौरा भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें पालिका की कुल अनुमानित आय, व्यय तथा शेष राशि की जानकारी दी गई।नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि इस बजट के माध्यम से आगामी वित्तीय वर्ष में नगर के विभिन्न विकास कार्यों को गति दी जाएगी। बजट का उपयोग जलापूर्ति व्यवस्था, सफाई व्यवस्था, नगर पालिका कर्मचारियों के वेतन एवं पेंशन, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सेवाओं के साथ-साथ शहर के विकास कार्यों पर किया जाएगा।उन्होंने बताया कि शहर के तालाबों और प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण, पार्कों के उन्नयन तथा बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इसके अलावा पालिका की सेवाओं के डिजिटलीकरण, कार्यशैली में अनुशासन और प्रबंधन में सुधार का सकारात्मक प्रभाव भी देखने को मिला है।इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि इस वर्ष लगभग 25 लाख रुपये की बचत के साथ सरप्लस बजट पेश किया गया है। पिछले वर्षों में किए गए आर्थिक सुधारों के प्रयासों के चलते पालिका की वित्तीय स्थिति में भी सुधार के संकेत मिले हैं।इस अवसर पर नगर पालिका के समस्त सभासद, अधिशासी अधिकारी तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।






