सद्भावना क्रिकेट टूर्नामेंट में सरयू सुपरकिंग्स बनी चैंपियन
निष्पक्ष जन अवलोकन बाराबंकी | विनय सिंह यू.पी. सिविल सर्विसेज प्लेयर्स एसोसिएशन, बाराबंकी के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय कर्मचारी/अधिकारी सद्भावना क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतिम दिन रोमांचक मुकाबले खेले गए। दूसरे सेमीफाइनल में गोल्डन ग्लैडिएटर्स ने सत्यम श्रीवास्तव के 81 रनों की बदौलत 170 रन बनाकर अल्फा लीजेंड्स को 137 रनों पर रोक दिया। सत्यम को मैन ऑफ द मैच चुना गया। फाइनल मुकाबले में सरयू सुपरकिंग्स ने 15 ओवर में 194 रन बनाए, जिसमें आशीष चंद ने 41 गेंदों में 106 रनों की शानदार पारी खेली। जवाब में गोल्डन ग्लैडिएटर्स 148 रन ही बना सकी और सरयू सुपरकिंग्स ने खिताब जीत लिया। मुख्य अतिथि डॉ. अखिलेश निगम, पुलिस महानिरीक्षक (सीआईडी) उत्तर प्रदेश ने विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। इस दौरान अध्यक्ष डॉ. आर.पी. सिंह बिसेन, महामंत्री के.के. सिंह, कोषाध्यक्ष रमेश चंद्र सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। मैचों की कमेंट्री संदीप सिंह करन, संदीप पांडे और आशीष यादव ने की।









