विहिप की बैठक में सेवा सप्ताह एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार
निष्पक्ष जन अवलोकन
रामशंकर वर्मा।
रामनगर, बाराबंकी। विश्व हिंदू परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को रामनगर स्थित स्थानीय कार्यालय पर प्रखंड अध्यक्ष रमाकांत वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों एवं जनसेवा से जुड़े अभियानों की रूपरेखा तैयार की गई तथा कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री राहुल कुमार ने बताया कि 5 जुलाई से 12 जुलाई तक बजरंग दल द्वारा सेवा सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेवा सप्ताह के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृहद स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही सेवा बस्तियों में निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित कर जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
राहुल कुमार ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक संगठन की सेवा गतिविधियों को पहुंचाने का प्रयास करें। उन्होंने आगामी अखंड भारत संकल्प दिवस एवं बजरंग दल की राष्ट्रीय साहसिक यात्रा 'बाबा बुढ़ा अमरनाथ यात्रा' सहित विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों की भी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हिंदू समाज के सामने अनेक सामाजिक एवं सांस्कृतिक चुनौतियां हैं, जिनके प्रति समाज को जागरूक करने और संगठन को अधिक सशक्त बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। सेवा, संस्कार और संगठन के माध्यम से समाज को जोड़ने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।
बैठक में जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख सुमित्रा प्रसाद शुक्ला, जिला सह सेवा प्रमुख विनय मिश्रा, बजरंग दल प्रखंड संयोजक श्रीकांत, सहसंयोजक त्रिभुवन, राघवेन्द्र, करण सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लेते हुए संगठन के सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का निर्णय लिया।









