विश्व पर्यावरण दिवस पर रामनगर में चला व्यापक पौधरोपण अभियान
निष्पक्ष जन अवलोकन। रामशंकर वर्मा।
रामनगर, बाराबंकी।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रामनगर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। वन विभाग द्वारा ग्राम अशोकपुर चाचू सराय स्थित आईटीआई परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक शरद अवस्थी, एमएलसी अंगद सिंह तथा मंडल अध्यक्ष विनय मिश्रा उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपनी मां के नाम एक-एक पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इस दौरान क्षेत्रीय वनाधिकारी विशाल गुप्ता, वन दरोगा सचिन पटेल, राम तिलक, दुर्गेश यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
नगर पंचायत अध्यक्ष रामशरण पाठक ने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत नगर पंचायत परिसर में पौधरोपण किया तथा कर्मचारियों को पौधे वितरित कर उनकी देखभाल और संरक्षण का आह्वान किया। इस अवसर पर पूर्व सभासद दयाशंकर तिवारी, बल्लू बाबा, रामकरन बाबू, हरीश तिवारी, योगेंद्र मिश्रा, बंटी ओझा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
यूनियन इंटर कॉलेज परिसर में समाजसेवी केपी तिवारी ने पौधरोपण कर प्रकृति के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन किया। वहीं ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी, बीडीओ जितेंद्र कुमार तथा एडीओ पंचायत अभय शुक्ला ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में पौधे रोपित किए।
अमराई गांव स्थित महाविद्यालय में प्रबंधक इंजीनियर राष्ट्रभूषण सिंह के निर्देशन में प्रकृति प्रेरित थीम पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. विष्णु सिंह ने धरा को हरा-भरा बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान चित्रकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। इस मौके पर सौरभ मिश्रा, ऋषभ सिंह सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में डॉ. स्वप्निल, भाजपा कार्यकर्ता रवि एवं पुष्कर ने पौधरोपण किया। किसान कल्याण केंद्र रामनगर में सहायक कृषि विकास अधिकारी डॉ. दलबीर सिंह की अगुवाई में किसानों को विभिन्न प्रजातियों के पौधे वितरित किए गए। वहीं महादेवा के निकट स्थित कुरुक्षेत्र आश्रम में मोनू भास्कर द्वारा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर क्षेत्रभर में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण तथा प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।









