मोदी सरकार के 12 वर्ष: विकसित भारत सम्मेलन में गिनाईं उपलब्धियां, बोले केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार—2047 का लक्ष्य राष्ट्रीय संकल्प
निष्पक्ष जन अवलोकन
शिवम् सिकरवार ब्यूरो चीफ आगरा
आगरा। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को खंदारी स्थित जेपी सभागार में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने सेवा, सुशासन, सामाजिक न्याय और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का राष्ट्रीय संकल्प बन चुका है। भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री मोदी ने स्वयं को "प्रधान सेवक" बताते हुए राष्ट्र सेवा का जो संकल्प लिया था, वह आज जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के रूप में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, 58 करोड़ से अधिक जनधन खाते खोले गए हैं और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से लाखों करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाए गए हैं। सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण पर जोर डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार ने सामाजिक न्याय के क्षेत्र में सहायता नहीं बल्कि सशक्तिकरण की नीति अपनाई है। ई-श्रम पोर्टल से करोड़ों असंगठित श्रमिकों को जोड़ा गया है तथा जनजातीय समाज के उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पीएम जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों तक विकास पहुंचाया जा रहा है। महिलाओं को मिली नई ताकत महिला सशक्तिकरण को सरकार की बड़ी उपलब्धियों में शामिल करते हुए उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और स्वयं सहायता समूहों ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया है। "लखपति दीदी" अभियान और सुकन्या समृद्धि योजना जैसी पहलें महिलाओं और बेटियों के भविष्य को सुरक्षित कर रही हैं। वहीं संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लोकतंत्र में उनकी भागीदारी को नई दिशा देगा। स्वास्थ्य और शिक्षा में बड़ा विस्तार केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। कोविड-19 महामारी के दौरान भारत ने दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेजों, एमबीबीएस और पीजी सीटों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा जन औषधि केंद्रों के जरिए सस्ती दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। किसानों और युवाओं के लिए योजनाओं का उल्लेख डॉ. कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को सीधे आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। कृषि बजट में वृद्धि, एमएसपी में बढ़ोतरी और कृषि निर्यात में रिकॉर्ड वृद्धि किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। युवाओं को विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। स्टार्टअप इंडिया, नई शिक्षा नीति और कौशल विकास योजनाओं ने युवाओं को रोजगार लेने के बजाय रोजगार देने वाला बनाया है। आत्मनिर्भर भारत और राष्ट्रीय सुरक्षा पर भी बोले उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया अभियान के परिणामस्वरूप रक्षा उत्पादन और रक्षा निर्यात में लगातार वृद्धि हुई है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नया भारत आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है। विकसित भारत के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि विकसित भारत-2047 का संकल्प अब जन-जन का संकल्प बन गया है। देश का प्रत्येक नागरिक इस लक्ष्य को हासिल करने में सहभागी बनेगा। वहीं विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है। सम्मेलन से पहले चलाया स्वच्छता अभियान विकसित भारत सम्मेलन से पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ लाजपत कुंज क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया। इसके बाद "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने आरबीएस कॉलेज मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, विधायक जी.एस. धर्मेश, पूर्व सांसद प्रभुदयाल कठेरिया, नागेंद्र गामा, मनवीर चौहान, टी.एन. अग्रवाल, महेश शर्मा, रोहित कत्याल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।









