मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक

निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। मोहल्ला पंचघरा में ‘मिशन शक्ति’ अभियान के अंतर्गत महिलाओं को जागरूक करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन उपनिरीक्षक सुपमा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर—1090, 112, 108, 102, 181 और 1076—की विस्तृत जानकारी दी गई। उपनिरीक्षक सुपमा ने बताया कि इन नंबरों के माध्यम से महिलाएं किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त कर सकती हैं। इस अवसर पर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई, ताकि महिलाएं उनका लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बन सकें। कार्यक्रम को सफल बनाने में समाजसेवी सौरभ वर्मा का विशेष सहयोग रहा। मोहल्ले की महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपने अधिकारों के प्रति अधिक जागरूक होती हैं।