मनरेगा कार्यों में अनियमितता का आरोप, कागजों में चल रहा काम, मौके पर मजदूर नदारद

मनरेगा कार्यों में अनियमितता का आरोप, कागजों में चल रहा काम, मौके पर मजदूर नदारद

निष्पक्ष जन अवलोकन। बदरूजमा चौधरी। ( बलरामपुर) के विकासखंड पचपेड़वा अंतर्गत ग्राम पंचायत औरहवा में मनरेगा कार्यों को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यहां 5 मास्टर रोल पर लगभग 35 मजदूरों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज की जा रही है, जबकि हकीकत में मजदूर कार्यस्थल पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि रोजगार सेवक द्वारा मजदूरों के घर-घर जाकर फोटो और फेस कैप्चर कर लिया जाता है और उसी के आधार पर ऑनलाइन हाजिरी अपलोड कर दी जाती है। वहीं कागजों में समुचित रूप से निर्माण कार्य चलने की बात दर्ज है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है। मीडिया टीम जब मौके पर पहुंची और कार्यस्थल का निरीक्षण किया तो वहां न तो कोई मजदूर काम करता मिला और न ही कोई औजार जैसे टोकरी या फावड़ा दिखाई दिया। इससे साफ प्रतीत होता है कि कार्यस्थल पर वास्तविक काम न के बराबर हो रहा है, जबकि कागजी रिकॉर्ड में कार्य जारी दिखाया जा रहा है। इस पूरे मामले को लेकर 3 मार्च को निष्पक्ष जन अवलोकन द्वारा भी खबर प्रकाशित की गई थी, जिसमें मनरेगा कार्यों में संभावित गड़बड़ी की ओर ध्यान आकर्षित किया गया था। बावजूद इसके अब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच या कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। इस संबंध में संवाददाता ने दूरभाष के माध्यम से एपीओ ओमकार पांडे से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना में पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो सकते हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितना गंभीरता से लेकर कार्रवाई करता है।