मकान निर्माण को लेकर बवाल, दबंगों पर निर्माण रुकवाने और जान से मारने की धमकी का आरोप

मकान निर्माण को लेकर बवाल, दबंगों पर निर्माण रुकवाने और जान से मारने की धमकी का आरोप

निष्पक्ष जन अवलोकन।

अंकित तिवारी।

कानपुर देहात के रनियां थाना क्षेत्र में जमीन पर मकान निर्माण को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। पीड़ित ने जिलाधिकारी से शिकायत कर दबंगों पर निर्माण कार्य रुकवाने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामला रनियां थाना क्षेत्र के दनापुर अक्षरा करबक गांव का है, जहां निवासी मोहन लाल ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित के अनुसार ग्राम करबक स्थित गाटा संख्या 24/720 की भूमि उनकी मां द्वारा बैनामे के माध्यम से खरीदी गई थी, जिसमें उनका लगभग दो बिस्वा हिस्सा है और वर्षों से उनका कब्जा भी है। आरोप है कि जब वह अपनी बैनामाशुदा जमीन पर मकान निर्माण का कार्य करा रहे थे, तभी गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंच गए और जबरन निर्माण कार्य रुकवा दिया। शिकायत में रामसनेही, रामनाथ, लवकुश, सचिन, अंकुर, अंकित और लाल समेत कई लोगों को नामजद किया गया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपितों का उक्त भूमि में कोई अधिकार या हिस्सेदारी नहीं है, इसके बावजूद दबंगई के बल पर निर्माण कार्य में बाधा डाली जा रही है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। मोहन लाल का दावा है कि भूमि पर उनका कब्जा है और राजस्व अभिलेखों में भी उनका नाम दर्ज है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें मकान निर्माण नहीं करने दिया जा रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी कपिल सिंह ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए एसडीएम अकबरपुर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक जांच पर टिकी हैं कि आखिर पीड़ित को न्याय कब तक मिलता है और दबंगई के आरोपों पर क्या कार्रवाई होती है।