भर्ती परीक्षा देने गई विवाहिता की सड़क हादसे में मौत, गांव में छाया मातम
निष्पक्ष जन अवलोकन रामबाबू मिश्रा रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। पुलिस में भर्ती होकर वर्दी पहनने का सपना संजोए एक 25 वर्षीय विवाहिता की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। देर रात जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। पति सौरभ पाठक और उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार ग्राम पूरे चितई, पोस्ट अमहिया निवासी आरती देवी (25) पत्नी सौरभ पाठक सोमवार शाम सुकुल बाजार क्षेत्र में भर्ती परीक्षा का पेपर देने मोटरसाइकिल से गई थीं। बताया जाता है कि शाम करीब सात बजे किसी कारणवश वह सड़क हादसे का शिकार हो गईं। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। उधर हादसे की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में मातम छा गया। बताया जाता है कि आरती देवी का विवाह करीब दो वर्ष पूर्व सौरभ पाठक के साथ हुआ था। विवाह के बाद भी वह पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं। परिवार के लोगों के अनुसार उनका सपना पुलिस विभाग में भर्ती होकर परिवार का नाम रोशन करने का था। देर रात जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। पति सौरभ पाठक और उनकी मां बार-बार बेहोश हो जा रहे थे। गांव में हर किसी की जुबान पर यही बात थी कि मेहनत और हौसले से आगे बढ़ने वाली एक बेटी का सपना अधूरा रह गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।









