पुरुषोत्तम मास के तीसरे सोमवार पर लोधेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, शिवभक्ति में सराबोर रहा पूरा धाम

पुरुषोत्तम मास के तीसरे सोमवार पर लोधेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

निष्पक्ष जन अवलोकन | रामशंकर वर्मा रामनगर, बाराबंकी। पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) के तीसरे सोमवार को प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दराज जनपदों से पहुंचे हजारों शिवभक्तों ने भगवान लोधेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की। पूरे दिन मंदिर परिसर "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष से भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। रविवार रात से ही श्रद्धालुओं के धाम पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सोमवार प्रातःकाल से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल, निजी वाहनों तथा अन्य साधनों से मंदिर पहुंचे। हजारों श्रद्धालुओं ने साष्टांग दंडवत परिक्रमा करते हुए भगवान शिव के दर्शन किए तथा गंगाजल, बेलपत्र एवं पूजन सामग्री अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। कई किलोमीटर लंबी परिक्रमा और कठिन मार्ग के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था अटूट रही। दर्शन-पूजन के उपरांत श्रद्धालुओं के चेहरों पर संतोष एवं श्रद्धा का भाव स्पष्ट दिखाई दिया। मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में दिनभर अखंड रामचरितमानस पाठ, "ॐ नमः शिवाय" के जाप तथा विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होता रहा। भक्तजन भजनों और जयघोषों में लीन नजर आए। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे, जिससे दर्शन-पूजन की प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित होती रही। वहीं श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं एवं परिक्रमार्थियों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे दिन लोधेश्वर धाम शिवभक्ति, आस्था और धार्मिक उल्लास से सराबोर रहा। इस दौरान एसडीएम आनंद तिवारी, सीओ गरिमा पंत, तहसीलदार विपुल कुमार, कोतवाल अरुण प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी रजनीश पांडेय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मेला व्यवस्थाओं में जुटे रहे।