जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री कार्यों की समीक्षा की; 15 मार्च तक लक्ष्य पूर्ण न होने पर दी कार्रवाई की चेतावनी
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट।जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 'फार्मर रजिस्ट्री' कार्य की प्रगति की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में किसानों के पंजीकरण की धीमी गति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक के दौरान उप कृषि निदेशक द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में कुल 1,37,349 फार्मर रजिस्ट्री के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 93,993 रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री के अवशेष कार्यों को प्रत्येक दशा में 15 मार्च तक शत-प्रतिशत (100%) पूर्ण करना सुनिश्चित करें। निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य प्राप्त न होने की स्थिति में संबंधित लेखपालों एवं उत्तरदायी कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिलाधिकारी ने उप कृषि निदेशक को निर्देशित किया कि पोर्टल या पंजीकरण प्रक्रिया में आ रही किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर उसका स्थायी निस्तारण कराएं, ताकि डेटा फीडिंग के कार्य में कोई व्यवधान उत्पन्न न हो। समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डी.पी. पाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) चन्द्र शेखर, समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं लेखपाल उपस्थित रहे।