ओलावृष्टि और बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता, फसलों को भारी नुकसान
विनय सिंह निष्पक्ष जन अवलोकन बाराबंकी। शुक्रवार की सुबह अचानक बदले मौसम के बीच हुई बारिश और ओलावृष्टि ने जनपद के किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दीं, वहीं बेमौसम हुई इस बारिश से आम लोगों को ठंडक का एहसास भी हुआ। सुबह अचानक मौसम ने करवट बदली और जनपद के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। लखनऊ सीमा से सटे इलाकों सहित कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई, जिससे सरसों की फसल को भारी नुकसान पहुंचा। खेतों में खुदाई के बाद बोरे में भरा आलू भी भीग गया, जिससे किसानों की परेशानी और बढ़ गई। किसानों के अनुसार गन्ने को छोड़कर यह बारिश किसी भी फसल के लिए फायदेमंद नहीं है। खराब मौसम के चलते खेती का काम लगभग एक सप्ताह पीछे चला गया है। खेतों में पानी भरने से खरबूजा, तरबूज, तरोई जैसी मौसमी फसलें भी प्रभावित हुई हैं। यदि अगले दो दिन मौसम का यही हाल रहा तो किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।









